धूमधाम से निकाली गई शोभायात्रा, मंदिरों और घरों में विघ्नहर्ता विराजमान

अमरोहा/ढवारसीः गणेश चतुर्थी महोत्सव आज से शुरू हो गया है। चारों ओर गणेश चतुर्थी की धूम है। गणपति बप्पा मोरया के जयकारे गूंज रहे हैं। हर कोई भगवान गणेश की भक्ति में डूबा नजर आ रहा है। पंडालों एवं मंदिरों के अलावा घरों में विघ्नहर्ता विराजमान हो चुके हैं| प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है| ढवारसी में गणपति सेवा समिति द्वारा 10वां गणेश महोत्सव बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है।

मंगलवार की दोपहर दो बजे बिजली घर स्थित शिव मंदिर पर गणेश जी का पूजन किया गया। इसके बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा बिजली उप केंद्र स्थित शिव मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य बस स्टैंड, सरस्वती शिशु मंदिर, पुलिस चौकी, होली चौक व प्रथमा बैंक होते हुए मोहल्ला महादेव स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर पहुंचकर सम्पन्न हुई। जहां गणेश प्रतिमा की विधि विधान द्वारा स्थापना की गई। 24 सितम्बर को पौरारा गंगाघाट पर मूर्ति विसर्जन किया जाएगा। मंदिरों और घरों में विघ्नहर्ता विराजमान

वक्र तुण्ड महाकाय सूर्यकोटि समप्रभ |
निर्विघ्नं कुरु मे देव सर्वकार्येषु सर्वदा ||

शोभायात्रा में भगवान शिव और माता पार्वती तथा राधा-कृष्ण सहित आधा दर्जन मनमोहक झांकियां शामिल रहीं। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक वरुण कुमार तथा ढवारसी पुलिस चौकी इंचार्ज बलवान सिंह के साथ पुलिस बल तैनात रहा। इस अवसर पर राहुल त्यागी, मनोज शर्मा, आदित्य त्यागी, सुधांशु सक्सैना, आलोक त्यागी, राजीव गोयल, राजकुमार सिंघल, लवली त्यागी, राजेश शर्मा, मुदित त्यागी, जितेंद्र शुक्ला आदि मौजूद रहे।