Asia Cup: रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका ने पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर हराया

Asia Cup super-4 sri vs pak: एशिया कप के सुपर-4 चरण के मुख्य मुकाबले में श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। करो या मरो के मुकाबले में श्रीलंका ने आखिरी गेंद पर जीत दर्ज की। पाकिस्तान ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बरसात के कारण मैच को 42 ओवर का कर दिया गया। पाकिस्तान ने 7 विकेट के नुकसान पर 252 रन बनाए। श्रीलंका की पारी के बीच में बरसात आने के बाद श्रीलंका को 42 ओवर में 252 रन का ही लक्ष्य मिला। जिसे उसने आठ विकेट खोकर आखिरी गेंद पर हासिल कर लिया। कुशल मेंडिस को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

Asia Cup: भारतीय गेंदबाजों के आगे श्रीलंकाई पस्त, 41 रन से जीती भारतीय टीम

मोहम्मद रिजवान ने पाकिस्तान की पारी को संभाला

पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम के सलामी बल्लेबाज फखर जमान नौ रन के कुल योग पर पवेलियन लौट गए।  कप्तान बाबर आजम तथा अब्दुल शफीक ने दूसरे विकेट के लिए 64 रन जोड़े। बाबर आजम ने 29 रन बनाए, जबकि अब्दुल शफीक ने 52 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें उन्होंने तीन चौके और दो छक्के लगाए। मोहम्मद रिजवान तथा इफ्तिखार अहमद ने छठे विकेट के लिए 108 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मोहम्मद रिजवान ने 73 गेंद में 86 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें उनके द्वारा लगाए गए 6 चौके और दो छक्के शामिल हैं। इफ्तिखार अहमद ने 40 गेंद में 47 रन बनाए, उन्होंने चार चौके और दो छक्के लगाए।

श्रीलंका के लिए मथीशा पथिराना ने तीन तथा प्रमोद मधुसन ने दो विकेट हासिल किए। इसके अलावा महीश तीक्षणा तथा दुनिथ वलांगा को एक-एक विकेट मिला।

आखिरी गेंद पर श्रीलंका को मिली जीत

जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की टीम ने तेज शुरुआत की। सदीरा समर विक्रमा तथा कुशल मेंडिस के बीच तीसरे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी हुई। सदीरा समर विक्रमा ने 51 गेंद में 48 रन बनाए, जबकि कुशल मेंडिस ने 87 गेंद में 91 रन की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 8 चौके और एक छक्का लगाया। चरिथ असालंका 47 गेंद में 49 रन बनाकर नाबाद रहे, उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया। इसके अलावा पथुम निशांका ने 29 तथा कुशल परेरा ने 17 रन का योगदान दिया।

पाकिस्तान के लिए इफ्तिखार अहमद ने तीन तथा शहीन अफ़रीदी ने दो विकेट झटके, जबकि शादाब खान को एक विकेट मिला। श्रीलंका इस जीत के साथ ही फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है। पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी भारतीय टीम का मुकाबला श्रीलंका से 17 सितंबर को  खेला जाएगा।