श्रीलंका से भारत आया फर्टिलाइजर कंपनी का तीन सदस्य डेलिगेशन

Agriculture News: गन्ने की फ़सल के उत्पादन को अपने देश में बढ़ाने के तरीक़ों को जानने के लिए श्रीलंका से भारत आया तीन सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल (डेलीगेशन) जनपद अमरोहा के गांव ढवारसी पहुंचा। उन्होंने किसानों से गन्ने से संबंधित सभी बिन्दुओं पर चर्चा की।

श्रीलंका से भारत आया एक फर्टिलाइजर कंपनी का डेलीगेशन ढवारसी पहुंचा है। जिसमें शामिल सदस्यों ने क्षेत्र के किसानों से गन्ना उत्पादन से संबंधित वार्ता की। डेलिगेशन के सदस्य जयंता राजपक्षे ने बताया कि श्रीलंका में भारत की अपेक्षा गन्ने का उत्पादन प्रति हेक्टेयर बहुत कम है। हम भारत के गांवों में किसानों से मिलकर गन्ना उत्पादन बढ़ाने के तरीक़ों को जानने का प्रयास कर रहे हैं।

श्रीलंका के तीनों लोग अंग्रेज़ी में बात कर रहे थे, जो किसानों की समझ में ठीक से नहीं आ रहीं थी। डेलिगेशन के साथ आए गौरव देओल ने हिन्दी में ट्रांसलेट कर किसानों और डेलिगेशन के सदस्यों की आपस में वार्ता कराई। किसानों से बैठक के बाद तीनों सदस्य गन्ने की फ़सल को देखने पहुंचे।

इस अवसर पर जयंता राजपक्षे, अनिरुद्धा, वीपी उपाध्याय, गौरव देओल, अभिषेक श्रीवास्तव, मुनेश त्यागी, अफ़लातून चौधरी, ग्रीस त्यागी, राहुल चौधरी, अमरीश त्यागी, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।