शुभमन गिल का शतक, मोहित शर्मा का पंच, गुजरात ने मुंबई को 62 रन से हराया

IPL 2023 QUALIFIER 2nd MI vs GT: आईपीएल 2023 का क्वालीफायर 2 के लिए मैच मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच नरेंद्र मोदी स्टेडियम अहमदाबाद में खेला गया। मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। गुजरात टाइटंस ने शुभमन गिल के शानदार शतक की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 233 रन का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में मुंबई की टीम 18.2 ओवर में 171 रन ही बना सकी। सूर्यकुमार यादव की शानदार अर्धशतकीय पारी भी टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी साबित हुई। शुभमन गिल को मैन ऑफ द मैच के खिताब से सम्मानित किया गया।

शुभमन गिल का आईपीएल में तीसरा शतक

पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस की टीम के सलामी बल्लेबाज रिद्धिमान साह तथा शुभमन गिल ने तेजी से रन बनाते हुए पहले विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी निभाई। रिद्धिमान साह 18 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद शुभमन गिल ने साईं सुदर्शन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 138 रन जोड़े। साईं सुदर्शन ने 31 गेंद में 43 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 5 चौके और एक छक्का लगाया। वह रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटे। शुभमन गिल ने 60 गेंद में 129 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, उन्होंने 7 चौके और 10 छक्के लगाए। कप्तान हार्दिक पांड्या ने भी धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 13 गेंद में 28 रन बनाए, जिसमें उनके द्वारा लगाए गए 2 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।

मुंबई इंडियंस के गेंदबाज आकाश मधवाल तथा पीयूष चावला को एक-एक विकेट लेने में सफलता हासिल हुई।

तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव की तूफानी पारी

जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा तथा नेहल वाढेरा सस्ते में ही पवेलियन लौट गए। कैमरुन ग्रीन तथा सूर्यकुमार यादव ने पारी को आगे बढ़ाया। कैमरून ग्रीन ने 20 गेंद में 30 रन बनाए, उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाए। सूर्यकुमार यादव ने 38 गेंद में 61 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, उन्होंने 7 चौके और 2 छक्के लगाए। तिलक वर्मा ने 14 गेंद में 43 रन की तूफानी पारी खेलकर तेजी से रन बनाए, इस दौरान के बल्ले से 5 चौके और 3 छक्के निकले। टीम के अंतिम छह बल्लेबाज 26 रन के अंतराल पर पवेलियन लौट गए और पूरी टीम 171 रन बनाकर ढेर हो गई।

गुजरात टाइटंस के गेंदबाज मोहित शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2.2 ओवर में मात्र 10 रन देकर 5 विकेट झटके। मोहम्मद शमी तथा राशिद खान को दो-दो विकेट मिले, जबकि जोश लिटिल को 1 विकेट लेने में सफलता मिली।