IPL FINAL: 5वीं बार आईपीएल चैंपियन बनी चेन्नई, गुजरात को 5 विकेट से हराया

IPL 2023 FINAL MATCH CSK vs GT: चेन्नई सुपर किंग्स पांचवीं बार आईपीएल चैंपियन बनी है। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली टीम चेन्नई ने आईपीएल 2023 के फाइनल में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हरा दिया। यह मैच बारिश की वजह से प्रभावित हुआ। इस वजह से सीएसके को डकवर्थ लुईस नियम से लक्ष्य दिया गया था। चेन्नई को जीत के बाद इनाम के तौर पर 20 करोड़ रुपए मिले। गुजरात को भी हार के बावजूद मोटी रकम मिली है। इसके साथ-साथ इस सीजन के टॉप परफॉर्मस को भी अच्छा पैसा मिला है।

आईपीएल 2023 का फाइनल मैच चेन्नई सुपर किंग्स तथा गुजरात टाइटंस के बीच नरेंद्र मोदी स्टेडियम अहमदाबाद में खेला गया। चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। गुजरात की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 214 रन बनाए। साईं सुदर्शन आईपीएल का अपना पहला शतक लगाने से चूक गए। उन्होंने 96 रन बनाए। बारिश के कारण चेन्नई की पारी देरी से शुरू हुई, जिसके बाद डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर चेन्नई को 171 रन का लक्ष्य मिला। जिसे उसने निर्धारित 15 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

शतक से चूके साईं सुदर्शन

पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस की टीम की शुरुआत शानदार रही। सलामी बल्लेबाज रिद्धिमान साह तथा शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 67 रन जोड़े। रिद्धिमान साह ने 39 गेंद में 54 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें उन्होंने 5 चौके और एक छक्का लगाया। शुभमन गिल ने 20 गेंद में 39 रन बनाए, उनके बल्ले से सात चौके निकले। साईं सुदर्शन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंद में 96 रन की शानदार पारी खेली, उन्होंने 8 चौके और 6 छक्के लगाए। वह आईपीएल में अपना पहला शतक लगाने से चूक गए। कप्तान हार्दिक पांड्या ने 12 गेंद में 21 रन बनाए, उन्होंने 2 छक्के लगाए।

चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाज मथिशा पथिराना को दो विकेट मिले। दीपक चाहर तथा रविंद्र जडेजा ने एक-एक विकेट लिया।

चेन्नई को मिला 171 रन का लक्ष्य

बरसात के बाद देरी से शुरू हुए मैच में डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर चेन्नई सुपर किंग्स को 15 ओवर में 171 रन बनाने का लक्ष्य दिया गया। टीम की शुरुआत अच्छी रही। सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड तथा डेवन कोनवे ने तेजी से खेलते हुए पहले विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी की। ऋतुराज गायकवाड ने तीन चौके और एक छक्के के साथ 16 गेंद में 26 रन बनाए। डेवन कोनवे ने 25 गेंद में 43 रन की पारी खेली, उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के लगाए। शिवम दुबे 21 गेंद में 32 रन बनाकर नाबाद रहे, उन्होंने 2 छक्के लगाए। अजिंक्य रहाणे ने 13 गेंद में 27 रन तथा अंबाती रायडू ने 8 गेंद में 19 रन का योगदान दिया। एम एस धोनी बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। रविंद्र जडेजा ने 1 चौके और 1 छक्के के साथ 6 गेंद में 15 रन बनाए।

आखिरी ओवर का ऐसा रहा रोमांच

चेन्नई सुपर किंग्स को अंतिम ओवर में 13 रन बनाने थे, लेकिन शिवम दुबे और रविंद्र जडेजा पहली 4 गेंद पर 3 रन ही बना सके। मोहित शर्मा गेंदबाजी कर रहे थे, सामने रविंद्र जडेजा स्ट्राइक पर थे। मोहित शर्मा की पांचवी गेंद को रविंद्र जडेजा ने हवा में खेला और गेंद बाउंड्री लाइन पार करते हुए दर्शक दीर्घा में जा गिरी। इस छक्के के बाद अंतिम गेंद पर 4 रन बनाने थे। जिस पर रविंद्र जडेजा ने करारा शाॅट खेला और गेंद सीमा रेखा के पार चली गई। इसके साथ ही महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांचवीं बार आईपीएल खिताब अपने नाम किया।

डेवन कोनवे को मैन ऑफ द मैच के खिताब से सम्मानित किया गया। जबकि शुभमन गिल को मैन ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब मिला।

शुभमन गिल का शतक, मोहित शर्मा का पंच, गुजरात ने मुंबई को 62 रन से हराया