RR vs SRH: हैदराबाद ने राजस्थान को 4 विकेट से हराया, जोस बटलर शतक से चूके

IPL 2023 RR vs SRH 52nd MATCH: आईपीएल 2023 का 52वां मैच राजस्थान रॉयल्स तथा सनराइजर्स हैदराबाद के बीच स्वामी मानसिंह स्टेडियम जयपुर में खेला गया। राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने जॉस बटलर की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 214 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 217 रन बनाकर मैच जीत लिया। हैदराबाद ने राजस्थान को 4 विकेट से शिकस्त दी। ग्लेन फिलिप्स को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

सनराइजर्स हैदराबाद ने 10 मैचों में 4 में जीतकर कुल 8 अंक अर्जित किए हैं। वह अंक तालिका में नौवें स्थान पर है, जबकि राजस्थान रॉयल्स 11 मैच में पांच मैच जीतकर 10 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है।

शतक से चूक गए जोस बटलर

पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल तथा जॉस बटलर ने पहले विकेट के लिए 54 रन की अर्धशतकीय साझेदारी कर शानदार शुरुआत की। यशस्वी जायसवाल ने 18 गेंद में 35 रन बनाए। उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए। इसके बाद जोस बटलर तथा संजू सैमसन के बीच 138 रन की साझेदारी हुई। जोस बटलर ने 59 गेंद में 95 रन की पारी खेली। जिसमें उन्होंने 10 चौके और 4 छक्के लगाए। संजू सैमसन ने 38 गेंद में 66 रन बनाए, जिसमें उनके द्वारा लगाए गए 4 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।

सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार तथा मार्को जेनसन को एक-एक विकेट मिला।

अभिषेक शर्मा ने बनाया अर्धशतक

215 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अनमोलप्रीत सिंह तथा अभिषेक शर्मा के बीच 51 रन की साझेदारी हुई। अनमोलप्रीत सिंह ने 25 गेंद में 33 रन बनाए। जिसमें उन्होंने 4 चौके और एक छक्का लगाया। अभिषेक शर्मा ने पांच चौके और दो छक्कों के साथ 34 गेंद में 55 रन की पारी खेली। राहुल त्रिपाठी ने 29 गेंद में 43 रन बनाए। जिसमें उन्होंने 2 चौके लगाए और 3 छक्के लगाए। हेनरिच क्लासेन ने 12 गेंद में 26 रन की पारी खेली। उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाए। ग्लेन फिलिप्स ने 7 गेंद में ताबड़तोड़ 25 रन ठोक डाले। उन्होंने एक चौका और 3 छक्के लगाए। अब्दुल समद ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी। उन्होंने दो छक्कों के साथ 7 गेंद में 17 रन बनाए।

राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाज यजुवेंद्र चहल ने 4 विकेट झटके, जबकि रविचंद्रन अश्विन तथा कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला।

GT vs LSG: शुभमन गिल शतक से चूके, गुजरात ने लखनऊ को 56 रन से हराया