IPL: कैमरून ग्रीन की शतकीय पारी, मुंबई ने हैदराबाद को 8 विकेट से हराया

IPL 2023 MI vs SRH 69th MATCH: आईपीएल 2023 का 69वां मैच मुंबई इंडियंस तथा सनराइजर्स हैदराबाद के बीच वानखेड़े स्टेडियम मुंबई में खेला गया। मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हैदराबाद की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम ने 2 ओवर शेष रहते ही 2 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। मुंबई के लिए कैमरून ग्रीन ने 100 रन की शतकीय पारी खेली। उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

मुंबई इंडियंस ने इस जीत के साथ ही प्लेऑफ में क्वालीफाई के लिए अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। यदि आरसीबी गुजरात से मैच हारती है तो मुंबई इंडियंस प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली चौथी टीम बन जाएगी। सनराइजर्स हैदराबाद पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है।

विवरांत शर्मा तथा मयंक अग्रवाल ने दिलाई मजबूत शुरुआत 

पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज विवरांत शर्मा तथा मयंक अग्रवाल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 140 रन की शतकीय साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। विवरांत शर्मा ने 47 गेंद में 69 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 9 चौके और 2 छक्के लगाए। मयंक अग्रवाल ने 46 गेंद में 83 रन की पारी खेली, उन्होंने 8 चौके और 4 छक्के लगाए। हेनरिच क्लासेन ने 18 तथा एडम मार्करम ने 13 रन का योगदान दिया।

मुंबई इंडियंस के गेंदबाज आकाश मधवाल ने चार विकेट झटके, जबकि क्रिस जॉर्डन को एक विकेट लेने में सफलता मिली।

कैमरून ग्रीन ने खेली शतकीय पारी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम के सलामी बल्लेबाज ईशान किशन 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कप्तान रोहित शर्मा ने 37 गेंद में 56 रन बनाए, जिसमें उनके द्वारा लगाए गए 8 चौके और एक छक्का शामिल रहा। कैमरून ग्रीन ने 8 चौके और 8 छक्के के साथ 45 गेंद में 100 रन की नाबाद पारी खेली। सूर्यकुमार यादव 16 गेंद में 25 रन बनाकर नाबाद रहे।

सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार तथा मयंक डागर को एक-एक विकेट मिला।

लखनऊ की कोलकाता पर 1 रन से रोमांचक जीत, रिंकू सिंह का तूफानी अर्धशतक