दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का 86 वर्ष की उम्र में निधन

RATAN TATA: भारत के दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का 86 साल की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे।मुंबई के अस्पताल से पार्थिव शरीर घर ले जाया गया है। राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। उद्योगपति और देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित रतन टाटा नहीं रहे। उनके निधन पर देशभर में शोक की लहर है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उद्योगपति आनंद महिंद्रा, मुकेश अंबानी और गौतम अदाणी समेत देश की तमाम हस्तियों ने शोक जताया है।

69 साल की उम्र में रतन टाटा ने फाइटर जेट उड़ाया था। 21 साल की उम्र में टाटा ग्रुप के चेयरमैन बनने से लेकर कंपनी को नई बुलंदियों पर पहुंचाने में उनकी कड़ी मेहनत रही है। मिडिल क्लास के लोगो के कार का सपना पूरा करने में भी बड़ी भूमिका रही। इतना ही नहीं भारत की ग्रोथ में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया

श्री रतन टाटा के निधन से भारत ने एक ऐसे आइकन को खो दिया है, जिन्होंने कॉर्पोरेट विकास को राष्ट्र निर्माण और उत्कृष्टता को नैतिकता के साथ जोड़ा। पद्म विभूषण और पद्म भूषण से सम्मानित रतन टाटा ने टाटा की महान विरासत को आगे बढ़ाया और इसे और अधिक प्रभावशाली वैश्विक उपस्थिति दी। उन्होंने अनुभवी पेशेवरों और युवा छात्रों को समान रूप से प्रेरित किया। परोपकार और दान के लिए उनका योगदान अमूल्य है। मैं उनके परिवार, टाटा समूह की पूरी टीम और दुनिया भर में उनके प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया

रतन टाटा के निधन से दुखी हूं। वह भारतीय उद्योग जगत के दिग्गज थे, जिन्हें हमारी अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए जाना जाता है। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। उनकी आत्मा को शांति मिले।