2023 में पश्चिम से पूर्व तक निकलेगी भारत जोड़ो यात्रा: जयराम रमेश

भारत जोड़ो यात्रा का यूपी में गुरुवार को तीसरा और अंतिम दिन रहा यह यात्रा शामली होते हुए हरियाणा के सोनीपत में प्रवेश करेगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा यूपी में ज्यादा दिन तक चलनी चाहिए थी लेकिन यात्रा को कश्मीर तक का सफर तय करना है। इसलिए यूपी के पश्चिम जिलों में ही भारत जोड़ो यात्रा को निकाला गया है। भारत जोड़ो यात्रा 2023 में पश्चिम से पूर्व तक निकालने की योजना है। यह मात्र एक यात्रा नहीं है, यह देश में बेरोजगारी मिटाने, महंगाई कम करने तथा एकता मजबूत करने के लिए निकाली जा रही यात्रा है। इस यात्रा का मतलब चुनाव जीतना नहीं और ना ही भाषण देना है। इस यात्रा से भारत को एक नई दिशा मिलने वाली है।

बिहार में कांग्रेस की हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा

गुरुवार को बिहार में जहां एक और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चंपारण से अपनी समाधान यात्रा की शुरुआत करने जा रहे हैं तो वहीं कांग्रेस भी गुरुवार से ही हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा की शुरुआत कर रही है। हालांकि इस यात्रा में राहुल गांधी शामिल नहीं हो रहे हैं। इस यात्रा को शुरू करने का उद्देश्य बिहार में पिछड़ रही कांग्रेस को मजबूत करने का है। अब देखना यह है क्या कांग्रेस द्वारा निकाली जा रही इन यात्राओं का लोगों पर असर हो पाएगा। यह तो आने वाले चुनाव में ही पता चलेगा।

चंपत राय भी कर चुके हैं भारत जोड़ो यात्रा की तारीफ

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने भारत जोड़ो यात्रा का समर्थन करते हुए राहुल गांधी की खूब तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि देश में पैदल चल रहे एक युवक का मैं आभार व्यक्त करता हूं। मैं उसके इस कदम की सराहना भी करता हूं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मैं आरएसएस का कार्यकर्ता हूं और आरएसएस कभी भारत जोड़ो यात्रा की निंदा नहीं करता। राहुल गांधी इस खराब मौसम में चल रहे हैं, उनकी सराहना की जानी चाहिए।